ब्रजस्थ मैथिल ब्राह्मण सभा मथुरा Brajastha Maithil Brahman Sabha

परिचयमैथिल ब्राह्मण: एक गौरवशाली परंपरा

मैथिल ब्राह्मण (Maithil Brahmin) भारतीय सभ्यता की सबसे प्राचीन और विद्वान ब्राह्मण परंपराओं में से एक हैं। मिथिला क्षेत्र, जो आज बिहार और नेपाल के तराई क्षेत्र में फैला है, इस समुदाय की जन्मभूमि रही है। मैथिल ब्राह्मणों का इतिहास वैदिक काल से भी पुराना माना जाता है और ये अपनी असाधारण विद्वता, संस्कृत साहित्य में योगदान और कर्मकांड की शुद्धता के लिए पूरे भारत में सम्मानित रहे हैं।

मैथिल समाज ने भारतीय दर्शन, साहित्य, ज्योतिष, न्याय और व्याकरण के क्षेत्र में अपूर्व योगदान दिया है। महर्षि गौतम, याज्ञवल्क्य, मंडन मिश्र जैसे महान विद्वान इसी परंपरा से आए। विद्यापति जैसे भक्त कवि ने मैथिली भाषा को साहित्यिक उच्चता प्रदान की। आज भी मैथिल ब्राह्मण शिक्षा, प्रशासन, विज्ञान और समाज सेवा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाते हैं।

मैथिल ब्राह्मण समुदाय अपनी पारंपरिक मूल्यों, संस्कारों और सामाजिक एकता के लिए जाना जाता है। यह समुदाय न केवल धार्मिक अनुष्ठानों में विशेषज्ञ है, बल्कि आधुनिक शिक्षा और प्रगतिशील विचारों को भी अपनाने में सबसे आगे रहा है।

मैथिल दर्पण से साभारमिथिला से ब्रज तक — इतिहास की कथा

  1. वैदिक कालराजा जनक की मिथिला, जहां आत्मज्ञान के लिये सारी दुनिया आती थी
  2. 1325 ई.कर्णाट वंश के क्षत्रिय राजाओं का पतन
  3. 1353 ई.ओइनवार वंश — पं. कामेश्वर ठाकुर को मिथिला का राज्य
  4. 1556 ई.पं. महेश ठाकुर को मिथिला राज्य, खंडवला वंश
  5. मुगल कालमैथिल पंडित आगरा आये, फिर मथुरा, आगरा व अलीगढ़ में बसे
  6. 1929 ई.महाराज कामेश्वर सिंह का राज्याभिषेक
  7. 1954 ई.आगरा महासम्मेलन में महाराज पंजीकारों सहित पधारे

अध्याय १मिथिला-परिचय

चार वेद — ऋग्, यजुः, साम, अथर्व

मिथिला उस अनादि वैदिक देश का नाम है, जिसकी चर्चा वैदिक साहित्यों में, अठारह पुराणों में, महाभारत, वाल्मीकि रामायण आदि सभी ग्रंथों में विद्यमान है। जगज्जननी जानकी की जन्मभूमि होने के कारण मिथिला का संपूर्ण विश्व में नाम विख्यात है। इस देश के राजा जनक ब्रह्मज्ञान के लिये संसार भर में विख्यात रहे हैं। किसी जमाने में आत्मज्ञान के लिये सारी दुनिया के लोग 'जनको इति जना यत्र धावंति' जनक जी के यहां दौड़कर आते थे। जनक मिथिला के राजाओं की उपाधि थी, इनमें मां सीता के पिता सीरध्वज जनक सर्वप्रसिद्ध रहे हैं। ये समस्त राजा गृहस्थाश्रम में रहते हुए भी योगेश्वर महामुनींद्र याज्ञवल्क्य जी की कृपा से आत्मविद्या विशारद थे। आए दिन वे अपनी राजधानी जनकपुर में वेदांत सम्मेलन किया करते थे। प्राचीनकाल के उद्भट विद्वान महर्षि गौतम, महामुनि वात्स्यायन, वाचस्पति मिश्र, कुमारिल भट्ट, मंडन मिश्र, पार्थसारथि मिश्र आदि मीमांसकों एवं आचार्य उदयन जैसे संसार के सर्वश्रेष्ठ ईश्वरवादी विद्वानों की जन्मभूमि होने का गौरव मिथिला को प्राप्त हुआ। मिथिला शब्द की व्युत्पत्ति मथना अर्थात् मंथन शब्द से हुई है। जहां ज्ञान का मंथन होता हो वह मिथिला है। 'मथ्यंते रिपवो यत्र सा मिथिला' अर्थात् जहां बड़े-बड़े वैदिक धर्म के विरोधियों का ज्ञान मंथन से मानमर्दन होता हो, वह मिथिला है। मंडन मिश्र व आदि शंकराचार्य का शास्त्रार्थ विश्व विख्यात है। आजकल बिहार के दरभंगा, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, छपरा, बेगूसराय, सहरसा, भागलपुर, पूर्णिया आदि जिले तथा नेपाल के तराई क्षेत्र में सप्तरी, महोत्तरी, जनकपुर, मोरंग आदि आठ-दस जिले आते हैं। इसका क्षेत्रफल लगभग 30,000 वर्गमील है।

अध्याय २मैथिल ब्राह्मण-परिचय

यज्ञ — वैदिक परंपरा की अखंड ज्योति

मिथिला क्षेत्र में निवास करने वाले समस्त जन, चाहे वह किसी भी जाति धर्म का हो, मैथिल कहलाता है। जैसे हम भारत के लोग 'भारतीय' अर्थात् हिन्दुस्तान में रहने के कारण हिन्दुस्तानी कहलाते हैं, वैसे ही मैथिल हैं। इसी क्षेत्र में निवास करने वाले ब्राह्मण मैथिल ब्राह्मण कहलाते हैं। हमें गर्व है अपनी गौरवमयी मिथिला भूमि-मातृभूमि पर, जहां के हम मूल निवासी हैं। यों तो मिथिला में रहने वाले सभी लोग मैथिल कहलाने के अधिकारी हैं, परंतु वर्तमान में मैथिल शब्द मैथिल ब्राह्मण में ही योगरूढ़ हो गया है। अर्थात् मैथिल कहने से ही मैथिल ब्राह्मण का बोध होता है। जैसे सारस्वत कहने से सारस्वत ब्राह्मण, कान्यकुब्ज कहने से कान्यकुब्ज ब्राह्मण का बोध होता है। वैसे तो सभी ब्राह्मण, ब्राह्मण ही हैं, परन्तु क्षेत्र विशेष के आधार पर ब्राह्मणों का वर्गीकरण हो गया है। जैसे उत्तर भारत के ब्राह्मण गौड़ तथा दक्षिण भारत के द्रविड़ कहलाते हैं। इस तरह 5 प्रकार के गौड़ व 5 प्रकार के द्रविड़ हैं, जो इस प्रकार हैं-

सारस्वताः कान्यकुब्जाः गौडोत्कलमैथिलाः।

पञ्चगौडाः इत्याख्याताः विन्ध्योत्तरवासिनः॥

तथापि-

कर्णाटकाश्च तैलङ्गा द्राविडा महाराष्ट्रकाः।

गुर्जराश्चेति पञ्चैव द्राविडा विन्ध्यदक्षिणे॥

अर्थात्-1. सारस्वत, 2. कान्यकुब्ज, 3. गौड़, 4. मैथिल और 5. उत्कल विंध्याचल के उत्तर में तथा 1. कर्नाटक, 2. तेलंग, 3. द्राविड़, 4. महाराष्ट्र और 5. गुर्जर विंध्याचल के दक्षिण में निवास करते हैं।

ई.सन् 1325 में मिथिला में कर्णाटवंश के क्षत्रिय राजाओं के पतन के बाद 30-40 वर्ष तक अराजकता की स्थिति रही। तत्पश्चात् वहां ओइनवार वंश के मैथिल ब्राह्मणों का राज्य प्रारंभ हुआ। इस वंश के संस्थापक पं. श्री कामेश्वर ठाकुर थे। आप संस्कृत के बड़े विद्वान एवं उपासक थे। 'गंगाकृत्य विवेक' नामक पुस्तक में पं. वर्धमान उपाध्याय ने मिथिला के वास्तविक शासक के रूप में इनका उल्लेख किया है। ये एक सिद्ध पुरुष थे। उन्हें एक प्रश्न के उत्तर में तत्कालीन बादशाह फिरोज तुगलक ने 1353 ई. में मिथिला का राज्य दान में दिया था। इस वंश के 16 राजाओं ने 174 वर्ष तक मिथिला में राज किया। ओइनवार वंश के पतन के बाद मिथिला पर मुगल बादशाह अकबर का शासन हो गया। उन्हीं दिनों गंगोलिवार मूल शांडिल्य गोत्रीय पं. गंगाधर उपाध्याय संस्कृत के महान विद्वान हुए तथा इन्हीं के वंशज पं. संकर्षण उपाध्याय ने अपने विद्याबल पर मध्यप्रदेश के एक राजा से खंडवला नामक ग्राम दान में प्राप्त किया। भूमि अधिपति होने के कारण उपाध्याय से ठाकुर हो गये तथा खंडवला शासक वंश की स्थापना हुई। इन्हीं के वंश में पं. चंद्रपति ठाकुर के चार पुत्रों में सबसे कनिष्ठ पुत्र पं. महेश ठाकुर हुए। अपने काव्य कौशल से इन्होंने बादशाह अकबर को प्रसन्न कर लिया। बादशाह अकबर ने प्रसन्न होकर मिथिला राज्य इन्हें दान कर दिया। पं. महेश ठाकुर को चैत्र शुक्ल नवमी 1556 ई. को मिथिला राज्य प्राप्त हुआ-

अति पवित्र मंगल करन रामजनम के दीन।

अकबर तुषित महेश को तिरहुत राजा कीन॥

खंडवला वंश के कुल 19 राजाओं ने 392 वर्ष तक मिथिला पर राज किया।

मैथिल पंडित विद्या के बल से भारतवर्ष के विभिन्न प्रांतों के विभिन्न राजाओं के यहां भी राजपंडितों के रूप में रहे तथा उन राजाओं के उन्हीं राज्यों में बस गये थे। इनमें प्रमुख राजस्थान, मध्यप्रदेश, बंगाल, उड़ीसा व असम आदि राज्य शामिल हैं। इन सबका परिचय मिथिला के प्रसिद्ध विद्वानों द्वारा विरचित अनेकानेक इतिहास की पुस्तकों द्वारा ज्ञात हो सकता है। ब्रजस्थ क्षेत्र के विद्वान महापुरुषों पं. डोरीलाल शर्मा 'श्रोत्रिय', डा. जगदीशचन्द्र झा, पं. रामचंद्र मिश्र 'चन्द्र', पं. त्रिलोकीनाथ झा, पं. प्रेमदत्त मिश्र 'मैथिल' आदि अन्यान्य विद्वानों द्वारा लिखित साहित्य से ब्रजस्थ मैथिलों के ब्रज में प्रवास का इतिहास ज्ञात होता है, जो आज मथुरा, आगरा व अलीगढ़ जिलों में विराजमान हैं। बहुत से परिवार रोजी-रोजगार के लिये जयपुर, अजमेर, कोटा, अहमदाबाद, दाहोद, दिल्ली, झांसी, कानपुर आदि अन्यान्य शहरों में प्रवास कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश के आगरा मंडल में विशेषतया मुगल बादशाह अकबर के समय में जब म.म.पं. महेश ठाकुर को मिथिला का राज्य दिया, उस समय राज्याश्रित होकर, राजा से जीविका प्राप्त कर आगरा में आये जो बाद में औरंगजेब के अत्याचारों से भयभीत होकर मथुरा, आगरा व अलीगढ़ जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में बस गये तथा जीविका के लिये कृषि आदि वृत्ति भी आपत्तिकाल में अपना ली, जिन्हें यहां के अन्यान्य अनभिज्ञ ब्राह्मण संदेह की दृष्टि से देखते हैं। यदि ब्राह्मणेतर वृत्ति से ब्राह्मण माना जाये तब तो फिर अनेकानेक जन आज ब्राह्मण नहीं कहला सकते। आज कितने लोग त्रिकाल संध्या करते हैं? नित्य अग्निहोत्र करते हैं? वेदाध्ययन करते हैं? आज तो वाणिज्यवृत्ति, कृषिवृत्ति व सेवावृत्ति से ही अधिकांश ब्राह्मण अपनी जीविका चलाते हैं। इसलिये प्रवासी ब्रजस्थ मैथिलों पर अविश्वास करना समुचित प्रतीत नहीं होता। यद्यपि यह भी निश्चय है कि बहुत से अब्राह्मण भी इधर मैथिल ब्राह्मण बनकर अपने को मैथिल ब्राह्मण कहकर प्रचार कर रहे हैं। मैथिल ब्राह्मण की शुद्ध पहचान मूल ग्राम, गोत्र, प्रवर आदि से ही होती है, जो वहां की पंजी प्रथा से ही ज्ञात होती है। पंजीकृत ब्राह्मण ही वास्तव में हम प्रवासी ब्रजस्थ मैथिल ब्राह्मण हैं और हमारा परम कर्तव्य है कि हम इन नकली व्यर्थ मैथिल ब्राह्मणों का पर्दाफाश करें।

हमें गर्व है कि हमारा एक गौरवशाली इतिहास रहा है। हमारी परंपराएं युगों-युगों से अक्षरशः चली आ रही हैं। मिथिला का एक नाम तिरहुत भी है, अतः सभी मैथिल ब्राह्मण तिरहुतिया ब्राह्मण भी कहलाते हैं।

स्रोत: मिथिला मैथिल वैभवम्, द्वारा पं. वैद्यनाथ झा 'मैथिल' (राष्ट्रपति पुरस्कृत)

अध्याय ३दरभंगा राज्य के अंतिम सिंहासनारूढ़ शासक मैथिल महाराज डॉ. सर कामेश्वर सिंह बहादुर का संक्षिप्त परिचय

राज दरभंगा

मिथिला के 18वें महाराज रामेश्वर सिंह के बाद उनके बड़े पुत्र श्रीमान् कामेश्वर सिंह का 15 जुलाई 1929 को राज्याभिषेक हुआ। उस समय महाराज की उम्र मात्र 22 वर्ष थी। वे अपने कनिष्ठ भ्राता विश्वेश्वर सिंह को विशेष प्रेम करते थे। दोनों भाइयों ने साथ-साथ विद्याध्ययन किया तथा दोनों का उपनयन संस्कार एक साथ हुआ। इसी अगाध प्यार के कारण महाराज ने दरभंगा राज्य के एक भाग राजनगर सर्किल की शासन व्यवस्था, देखभाल व आमदनी अपने प्रिय भाई को दे दी। उस समय उस सर्किल से सात लाख की वार्षिक आय होती थी। सभी ब्रिटिश शासक महाराज की योग्यता एवं कार्यकुशलता और उदार नीतियों के कारण उनका बड़ा आदर एवं सम्मान करते थे। प्रथम गोलमेज सम्मेलन में भाग लेने महाराज भारतीय प्रतिनिधि के रूप में लंदन गये थे। सन् 1942 के आंदोलन में महाराज ने आंदोलनकारियों का खुलकर समर्थन किया था। महात्मा गांधी व डॉ. राजेन्द्र प्रसाद से उनके घनिष्ठ संबंध थे। इसी कारण आपने स्वतंत्रता आंदोलन हेतु समय-समय पर आर्थिक सहायता दी थी। आपको विद्या से अगाध प्रेम था। इसी कारण शासन ग्रहण करने के तुरंत बाद मैथिली भाषा में शोध करने हेतु मिथिला रिसर्च इंस्टीट्यूट नामक संस्था स्थापित की तथा एक लाख बीस हजार रुपया दान के रूप में दिए थे। पटना विश्वविद्यालय की स्थापना के लिये विशेष योगदान तथा बनारस विश्वविद्यालय के भवन निर्माण हेतु डेढ़ लाख रुपयों का दान दिया। आपने संस्कृत उत्थान के लिए कई कार्य किए। आपने अंग्रेजी दैनिक इंडियन नेशन व हिन्दी दैनिक आर्यावर्त को योगदान किया। सन् 1960 में मिथिला मिहिर को भी पुनः जीवित किया। महाराज ने मरने से पूर्व नौ मन सोना चीन की लड़ाई के समय भारत सरकार को दिया था। आप संस्कृत विश्वविद्यालय दरभंगा व काशी हिंदू विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर भी रहे। आपने सैकड़ों वर्ष पुरानी पंजी प्रथा में अनेक सुधार कर उसे सरल तथा सुचारु रूप से चलने की व्यवस्था की थी। आप सन् 1954 में आगरा में आयोजित ब्रजस्थ मैथिल ब्राह्मण महासम्मेलन में अनेक विद्वानों व पंजीकारों को साथ लेकर पधारे थे तथा अपने आशीर्वाद से सबको आनंदित किया था।

राज्य सत्ता भारत सरकार द्वारा अधिगृहीत हो जाने के बाद आपने जीवनपर्यन्त समाज की सेवा की। निःसंतान होने के कारण मरने से पूर्व दरभंगा राज्य की व्यवस्था व आय-व्यय रखने के लिये पटना हाईकोर्ट के भूतपूर्व मुख्य न्यायाधीश श्रीमान् लक्ष्मीकांत झा के नाम विल लिख दी थी। आपके स्वर्गवास दिनांक 01 अक्टूबर 1962 ई. के बाद भी आपकी संपूर्ण जायदाद की देख-रेख माननीय झा साहब ने की।

वैदिक काल से मध्यकालप्राचीन इतिहास

मैथिल ब्राह्मणों का इतिहास वैदिक सभ्यता के उद्भव से जुड़ा है। मिथिला का नाम राजा मिथि के नाम पर पड़ा, जो इक्ष्वाकु वंश के प्रतापी राजा थे। यही भूमि महाराज जनक की राजधानी विदेहा रही, जहां माता सीता का जन्म हुआ और जहां ऋषि याज्ञवल्क्य ने अपने ब्रह्मविद्या के उपदेश दिए।

मिथिला ब्राह्मणों को पाँच मुख्य वर्गों में विभाजित किया गया था - सर्वरिया, जाल्य, अज्झपुरिया, क्रिश, और सोमथा। ये विभाजन मुख्यतः भौगोलिक और वैदिक शाखा के आधार पर थे। मैथिल ब्राह्मणों के गोत्र प्राचीन ऋषियों से जुड़े हैं - कश्यप, भारद्वाज, गौतम, वशिष्ठ, वत्स, सांडिल्य आदि। प्रत्येक गोत्र अपनी प्रवर, सूत्र और वेद शाखा को सुरक्षित रखता है।

मध्यकाल में जब मुस्लिम आक्रमण हुए, तो कई मैथिल ब्राह्मण परिवार सांस्कृतिक और धार्मिक कारणों से अन्य क्षेत्रों में प्रवास कर गए। कुछ बंगाल गए जहाँ वे बंगाली ब्राह्मण समाज का हिस्सा बने, तो कुछ ने दक्षिण और पश्चिम भारत में अपना ठिकाना बनाया। लेकिन एक महत्वपूर्ण समूह ने ब्रज क्षेत्र (मथुरा, वृंदावन, आगरा) को अपनी कर्मभूमि चुना।

मिथिला विश्वविद्यालय प्राचीन काल से विद्या का केंद्र रहा है। यहाँ तर्कशास्त्र, न्याय दर्शन, मीमांसा, व्याकरण और ज्योतिष की शिक्षा दी जाती थी। महाराजा नन्दिदेव और कर्णाट वंश के शासकों ने मिथिला को विद्या और संस्कृति का सर्वोच्च केंद्र बनाया। गंगेश उपाध्याय ने यहीं पर नव्य न्याय दर्शन की स्थापना की, जो भारतीय तर्कशास्त्र की अभूतपूर्व उपलब्धि है।

ब्रज में आगमनब्रजस्थ मैथिल ब्राह्मण की उत्पत्ति

ब्रजस्थ मैथिल ब्राह्मण (Brajastha Maithil Brahmin) वे मैथिल ब्राह्मण हैं जिन्होंने मध्यकाल में मिथिला से ब्रज क्षेत्र में प्रवास किया और यहीं बस गए। यह प्रवास मुख्यतः 14वीं से 16वीं शताब्दी के दौरान हुआ, जब चैतन्य महाप्रभु, वल्लभाचार्य, निम्बार्क और अन्य वैष्णव आचार्यों के प्रभाव से ब्रज क्षेत्र भक्ति आंदोलन का केंद्र बन गया।

कई विद्वान मैथिल ब्राह्मण परिवार श्रीकृष्ण भक्ति में रंगे हुए थे और वृंदावन, मथुरा जैसे पवित्र स्थलों में जाकर सेवा करना चाहते थे। कुछ परिवारों को मुगल और अफगान आक्रमणों के कारण भी मिथिला छोड़नी पड़ी। धीरे-धीरे ये परिवार मथुरा, आगरा, वृंदावन, कौलाखा और आसपास के इलाकों में स्थायी रूप से बस गए।

ब्रजस्थ मैथिल ब्राह्मणों ने अपनी मिथिला की पहचान बनाए रखी - वे मैथिली बोली को घर में बोलते रहे, अपने गोत्र और कुल परंपराओं को संरक्षित किया, और वैदिक कर्मकांड की मैथिल शैली को जारी रखा। साथ ही, उन्होंने ब्रज की संस्कृति, भाषा (ब्रजभाषा) और कृष्ण भक्ति परंपरा को भी पूर्णतः अपनाया। इस तरह ब्रजस्थ मैथिल एक अनूठी सांस्कृतिक पहचान बने।

आज ब्रजस्थ मैथिल ब्राह्मण मुख्यतः उत्तर प्रदेश (मथुरा, आगरा, अलीगढ़, इटावा, मैनपुरी, फर्रुखाबाद) और दिल्ली क्षेत्र में बसे हुए हैं। यह समुदाय शिक्षा, व्यापार, प्रशासन और समाज सेवा में सक्रिय है। अखिल भारतीय श्री ब्रजस्थ मैथिल ब्राह्मण महासम्मेलन इसी समुदाय की सामाजिक और सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा देने के लिए स्थापित है।

पारंपरिक पहचानगोत्र और परंपराएं

मैथिल ब्राह्मणों में गोत्र व्यवस्था अत्यंत व्यवस्थित और सुरक्षित है। गोत्र का अर्थ है किसी महान ऋषि की संतान वंश। प्रत्येक मैथिल ब्राह्मण परिवार अपने गोत्र, प्रवर (तीन या पांच ऋषि नाम), सूत्र और वेद शाखा को पीढ़ियों से संजोकर रखता है।

मुख्य गोत्र: मैथिल ब्राह्मणों के प्रमुख गोत्रों में कश्यप, भारद्वाज, वत्स, गौतम, शाण्डिल्य, वशिष्ठ, सांडिल्य, पराशर, कौशिक, विश्वामित्र, अत्रि, जमदग्नि, अगस्त्य और विष्णुवृद्ध शामिल हैं। प्रत्येक गोत्र की अपनी विशिष्ट कर्मकांड परंपरा होती है।

विवाह में सगोत्र और सप्रवर विवाह वर्जित है। मैथिल परंपरा में विवाह से पहले गोत्र और प्रवर का मिलान अनिवार्य है। कन्यादान और विवाह संस्कार में वैदिक मंत्रोच्चार, पैठौन (पांच पीढ़ी परिचय), और लग्न संस्कार की विस्तृत परंपरा है।

मैथिल ब्राह्मणों में संस्कार परंपरा भी अत्यंत समृद्ध है - नामकरण, अन्नप्राशन, कर्णवेध, उपनयन (जनेऊ), विवाह और अंत्येष्टि सभी संस्कार वैदिक विधि से सम्पन्न होते हैं। मैथिल संस्कृति में मिथिलाक्षर लिपि, मिथिला पेंटिंग (मधुबनी कला), मैथिली भाषा का साहित्य और विशिष्ट खान-पान की परंपराएं भी संरक्षित हैं।

21वीं सदीआधुनिक काल में मैथिल समाज

आज मैथिल ब्राह्मण समुदाय भारत के विभिन्न भागों और विदेशों में फैला हुआ है। शिक्षा के प्रति पारंपरिक झुकाव के कारण यह समुदाय आधुनिक क्षेत्रों में भी सफल रहा है। मैथिल ब्राह्मण चिकित्सा, इंजीनियरिंग, प्रशासन, शिक्षा, विज्ञान, कानून, व्यापार और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे सभी क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

ब्रजस्थ मैथिल ब्राह्मण समाज की एकता और संगठन को मजबूत करने के लिए अखिल भारतीय श्री ब्रजस्थ मैथिल ब्राह्मण महासम्मेलन की स्थापना हुई। यह संगठन सामाजिक कार्यक्रम, विवाह सम्मेलन,परिचय सम्मेलन, शैक्षिक सहायता और धर्मार्थ गतिविधियों का आयोजन करता है।

आधुनिक युग में भी मैथिल समाज अपनी सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने में सफल रहा है। मैथिली भाषा को भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किया गया है। मिथिला पेंटिंग को विश्व स्तर पर मान्यता मिली है। युवा पीढ़ी परंपरा और आधुनिकता का सुंदर संतुलन बनाए हुए है।

अखिल भारतीय श्री ब्रजस्थ मैथिल ब्राह्मण महासम्मेलन, आगराकार्यकारिणी, शाखा सभा-मथुरा

क्र.नामपदसेक्टर नाम
1पं. श्री हीरालाल शर्माअध्यक्षजनपदीय पदाधिकारी
2पं. श्री के.एस. शर्मामहासचिवजनपदीय पदाधिकारी
3श्रीमती सुशीला पाठकअध्यक्ष, शाखा सभाजनपदीय पदाधिकारी
4पं. श्री अजय शर्मासंयुक्त मंत्रीजनपदीय पदाधिकारी
5पं. श्री डोरीलाल शर्माकोषाध्यक्षजनपदीय पदाधिकारी
6पं. श्री सुरेशचंद्र शर्मा व्यासऑडिटरजनपदीय पदाधिकारी
7पं. श्री सुशील पाठकवरिष्ठ प्रचार मंत्रीजनपदीय पदाधिकारी
8पं. श्री के.के. शर्मामीडिया प्रभारीजनपदीय पदाधिकारी
9पं. श्री गौरीशंकर शर्माउपाध्यक्षहाईवे (तत्वदर्शी)
10पं. श्री मानिकचंद्र शर्माप्रचार मंत्रीहाईवे (तत्वदर्शी)
11पं. श्री आर.पी. मिश्रउपाध्यक्षमहोली रोड
12पं. श्री मानिकचंद्र शर्माउपाध्यक्षकृष्णा नगर
13पं. श्री सतीशचन्द्र शर्माप्रचार मंत्रीकृष्णा नगर
14पं. श्री अनिल कुमार शर्मासदस्यकृष्णा नगर
15पं. श्री मुरारीलाल शर्माउपाध्यक्षराधेश्याम कॉलोनी
16पं. श्री पीताम्बर शर्माप्रचार मंत्रीराधेश्याम कॉलोनी
17पं. श्री खजान शर्मासदस्यराधेश्याम कॉलोनी
18पं. श्री श्रीकृष्ण कुमार शर्माउपाध्यक्षसदर
19पं. श्री चन्द्र प्रकाश शर्माप्रचार मंत्रीसदर
20पं. श्री राजकुमार शर्मासदस्यसदर

सामान्य प्रश्नअक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न | FAQ

प्रश्न 1: मैथिल ब्राह्मण कौन होते हैं?

मैथिल ब्राह्मण मिथिला क्षेत्र (वर्तमान बिहार और नेपाल के कुछ हिस्से) से उत्पन्न ब्राह्मण समुदाय हैं। वे अपनी विद्वता, संस्कृत ज्ञान और वैदिक परंपराओं के लिए प्रसिद्ध हैं। मैथिल ब्राह्मणों का इतिहास हजारों वर्ष पुराना है और वे भारतीय सभ्यता के महत्वपूर्ण स्तंभ रहे हैं।

प्रश्न 2: ब्रजस्थ मैथिल ब्राह्मण क्या हैं?

ब्रजस्थ मैथिल ब्राह्मण वे मैथिल ब्राह्मण हैं जो मिथिला से ब्रज क्षेत्र (मथुरा, आगरा, वृंदावन) में प्रवास कर आए। ये मुख्यतः मध्यकाल में भगवान कृष्ण की भक्ति और सेवा के लिए ब्रज आए और यहीं बस गए। आज ये उत्तर प्रदेश, दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में निवास करते हैं।

प्रश्न 3: What is Brajastha Maithil Brahmin?

Brajastha Maithil Brahmins are a sub-community of Maithil Brahmins who migrated from Mithila region to Braj area (Mathura, Agra, Vrindavan) centuries ago. They maintained their Maithil identity while adapting to Braj culture, combining scholarly traditions with devotional practices. They are primarily found in Uttar Pradesh and Delhi.

हमसे जुड़ेंसमाज से जुड़ें, परंपरा को आगे बढ़ाएं

अखिल भारतीय श्री ब्रजस्थ मैथिल ब्राह्मण महासम्मेलन का हिस्सा बनें। हमारे समाज के विकास और सांस्कृतिक संरक्षण में योगदान दें।

संपर्क हमारा स्थान

पता

श्री ब्रजस्थ मैथिल ब्राह्मण हनुमान मन्दिर धर्मशाला, धौलीप्याऊ मथुरा उत्तर प्रदेश

दूरभाष
कॉल करने के लिए नंबर टच करें

+91-8630285841

+91-9411086083


+91-9582818240